कैथल।कलायत क्षेत्र के गांव चौसाला में नाबालिग बच्चों की पैतृक जमीन हड़पने के उद्देश्य से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराने के मामले में गांव चौसाला निवासी आरोपी पुष्पा को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव चौसाला निवासी पवन की शिकायत अनुसार उसके भाई सतीश कुमार का 1 अक्तूबर 2022 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद उनकी पैतृक भूमि उत्तराधिकार के अनुसार उनकी पत्नी पुष्पा और दोनों नाबालिग पुत्रों के नाम दर्ज हुई। दोनों बच्चे अभी भी नाबालिग हैं।
पुष्पा ने अन्य आरोपियों नरेश उर्फ सोनू, भूपेंद्र (नंबरदार), गौरव शर्मा (वकील) और अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर नाबालिग बच्चों के फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र तैयार करवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर पारिवारिक हस्तांतरण संबंधी वसीका पंजीकृत करवाकर राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल भी मंजूर करवा लिया। इसके बाद जमीन को एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में लगभग 46.96 लाख रुपये में बेच दिया गया। पूरी प्रक्रिया सुनियोजित साजिश के तहत की गई और नाबालिग बच्चों के हितों की अनदेखी करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराया गया। इस बारे में थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। व्यापक पूछताछ के लिए महिला का अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।