संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश के नए परिवहन मंत्री अनिल विज के अंबाला व करनाल में नए बस स्टैंड पर हुए निरीक्षण के बाद कैथल डिपो में भी व्यवस्थाओं में सुधार शुरू किया गया है। इसके तहत परिवहन मंत्री के दौरे की आशंका के चलते सतर्कता से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान कैथल नए बस अड्डे पर पेंट और मरम्मत का काम शुरू करवाया गया है।
इसके साथ ही सफाई व्यवस्था बनाने का काम भी शुरू हो चुका है। अधिकारियों की ओर से भी चालकों व परिचालकों को यात्रियों से सही व्यवहार करने के आदेश जारी किए गए हैं। उधर, हैप्पी कार्ड काउंटर और पास केंद्र में भी व्यवस्था बनाई गई है। बस स्टैंड पर इस समय करीब पांच से सात लाख रुपये तक के निर्माण कार्य करवाएं जा रहे हैं।
गौरतलब है विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले पूर्व परिवहन मंत्री असीम गोयल ने भी कैथल के नए बस अड्डे पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने शौचालय में सफाई व्यवस्था बेहतर न होने और इसमें आई सीलन पर नाराजगी जताई थी।
अब चुनाव संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने बस स्टैंड पर यात्रियों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए कार्य शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है बस स्टैंड पर जहां यात्रियों को परेशानी होती है। वहां पर कार्य किया जा रहा है, ताकि यात्रियाें को सुविधाएं मिल सके।
इस संबंध में महाप्रबंधक कमलजीत चहल बस स्टैंड पर साफ-सफाई बनाने के उद्देश्य से कार्य शुरू करवाया गया है। इस कार्य के तहत ही बस स्टैंड पर कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए किया जा रहा है। यहां पर केवल कैथल ही नहीं, बल्कि दूर दराज के क्षेत्रों से यात्री पहुंचते हैं। उन्हें किसी भी प्रकार कोई परेशानी न हो।
इस समय कैथल डिपो में कुल 192 बसें हैं। इसमें से 150 से अधिक बसों को लंबे रूटों पर दौड़ाया जा रहा है। जबकि अन्य 42 बसों को ग्रामीण रूटों पर चलाया गया है। इस समय बसों की कमी नहीं है, लेकिन बस स्टैंड पर लोगों को कई बार सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।