कैथल। राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के पास ना तो कोई नेता बचा है और ना ही कोई नीति बची है। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद एक निजी कार्यक्रम में पहुंचीं किरण चौधरी ने कहा कि हरियाणा में पिता-पुत्र की जोड़ी ने कांग्रेस के साथ-साथ प्रदेश को भी बर्बाद कर दिया है। किसी और के बारे में उन्होंने कभी सोचा ही नहीं। यही चीज धीरे-धीरे कांग्रेस को खा गई।
उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि दिल्ली में यह हाल हो गया है कि कैंडिडेट नाम के खड़े जरूर हैं, लेकिन घर से बाहर नहीं निकल रहे। जैसे हालात यूपी में हुए हैं, वही हालत दिल्ली में हो रहे हैं। हरियाणा में भी आने वाले समय में कांग्रेस के इसी तरह के हालात रहेंगे। यह नजर भी आ रहा है। अभी तक नेता प्रतिपक्ष ही नहीं चुना गया। सत्र निकल चुका है और कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष नहीं चुन पाई। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सरकारी आवास खाली न करने पर उन्होंने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्य की बात है कि जो बहुत बड़े पदों पर आसीन रह चुके हैं और उन्हें जनता ने बाहर कर दिया है, फिर भी इन चीजों से चिपक कर रहते हैं। संवाद