आम सभा के दौरान उपस्थित किसानों व सदस्यों को संबोधित करते प्रबंधक महेंद्र राणा।
राजौंद। दी राजौंद बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) में आम सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के किसानों व सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभा के दौरान समिति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी गई। पैक्स प्रबंधक महेंद्र राणा ने बताया कि बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जो इस बात का प्रमाण है कि किसान अब सहकारी समितियों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के प्रति जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाई जा सकती है। सभा में उपस्थित किसानों को खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सदस्यों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आश्वासन दिया गया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पैक्स से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने कृषि कार्य को सशक्त बनाएं।
आम सभा के दौरान उपस्थित किसानों व सदस्यों को संबोधित करते प्रबंधक महेंद्र राणा।