कैथल। संयुक्त किसान मोर्चा कैथल ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय कपिल कमल में पहुंचे सांसद नायब सैनी को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। इससे पहले सांसद कार्यालय में बैठक को संबोधित कर रहे थे। तभी नारेबाजी करते हुए वहां किसान पहुंच गए।
किसानों ने खिलाड़ियों के समर्थन और मांगों को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपा। वहीं सांसद ने किसानों की मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
मांग पत्र में फसलों के समर्थन मूल्य देने का कानून बनाने, किसानों को कर्ज मुक्त करने, पेंशन देने, सर्व समावेशी फसल बीमा लागू करने, बिजली बिल 2022 को वापस लेने, लखीमपुर खीरी कांड में किसानों के ऊपर गाड़ी चलाकर चार किसानों को मारने में संलिप्त केंद्रीय मंत्री अजय टेनी को बर्खास्त करने, किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने व मृत किसान परिवारों को मुआवजा देने की मांग रखी गई।
किसान नेताओं में महेंद्र सिंह, सतपाल दिल्लोंवाली, मास्टर कमलजीत, बलराज गुहला, जयप्रकाश शास्त्री, रामगढ़ सुरेंद्र सिंह चौशाला, प्रेमचंद आदि किसान मौजूद थे। इससे पूर्व किसान नेता लघु सचिवालय के पार्क में एकत्रित हुए। वहां से प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंचे।