संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग के समर्थन में नाराज किसानों ने मंगलवार को जिला सचिवालय में प्रदर्शन किया। इससे पहले किसानों ने हनुमान वाटिका में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले चेतावनी रैली की। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन डीसी प्रीति को सौंपा।
प्रदर्शन का संचालन संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जसबीर सिंह ने किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कॉरपोरेट नीतियों के कारण देश में आर्थिक असमानता की खाई और चौड़ी होती जा रही है। गरीब और गरीब व अमीर और अधिक अमीर होता जा रहा है। सरकार को वोट देकर बनाने का काम जनता करती है, लेकिन सरकार जनहित में नीतियां ना बनाकर कॉरपोरेट घरानों से हाथ मिला लेती है। उसके बाद कॉरपोरेट अपने आर्थिक हितों को साधने को लेकर अपनी मनमर्जी की नीतियां बनवा लेता है। ऐसी गलत नीतियों के कारण ही मेहनतकश जनता की आजीविका खतरे में पड़ गई है।
प्रदर्शन की अध्यक्षता संयोजक महेंद्र सिंह रामगढ़ ने की। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। इससे रोजगार के अवसर घटते जा रहे हैं। कॉमरेड प्रेमचंद ने कहा कि किसानों की 12 प्रमुख मांगें हैं जो कि सरकार को जल्द से जल्द पूरी करनी चाहिए। क्योंकि किसान व मजदूर सिर्फ अपना हक मांग रहे हैं। इस अवसर पर कंवरजीत, जसबीर सिंह, गुरनाम सिंह, सतपाल, आनंद, सतपाल, ओम प्रकाश, सुखपाल, राजकुमार, गुरनाम सिंह, रविश, बनी सिंह, शिवचरण, देवी दयाल सुरेंद्र सिंह, बलवंत राय, महेंद्र सिंह, नरेश रोहेड़ा, प्रेम चंद मौजूद रहे।