कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में चल रहे भीषण बिजली संकट के विरुद्ध प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कैथल से बयान जारी करते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आज पूरा हरियाणा भयंकर गर्मी की मार झेल रहा है लेकिन प्रदेश सरकार जनता को बुनियादी बिजली आपूर्ति देने में भी पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। बिजली के लंबे और अघोषित कटों ने नागरिकों की जिंदगी को नर्क बना दिया है। सुरजेवाला ने कहा कि आज हरियाणा का कोई भी कोना ऐसा नहीं है जहां बिजली मिल रही हो। सरकार के झूठे दावों की पोल खुल चुकी है। भयंकर गर्मी और उमस के बीच प्रदेश की जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
रणदीप सुरजेवाला ने विस्तृत आंकड़े और जमीनी हकीकत साझा करते हुए भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर किया है। हरियाणा में बिजली तंत्र पूरी तरह ध्वस्त है। जनता रातभर छतों पर जागने और दिन में सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर है। हरियाणा के ग्रामीण इलाकों और शहरों में स्थिति असहनीय हो चुकी है। गांवों में 12 से 15 घंटे और शहरों में 8 से 10 घंटे के लंबे अघोषित कट लग रहे हैं। रात-रात भर बिजली गायब रहने के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार लोग सो नहीं पा रहे हैं। लोग भीषण गर्मी और उमस के कारण सारी रात छतों पर या गलियों में टहलकर काटने को मजबूर हैं। नींद पूरी न होने और भयंकर गर्मी से लोग बीमार पड़ रहे हैं लेकिन सरकार एसी कमरों में बैठकर तमाशा देख रही है।