संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अब 1121 व मुच्छल धान की आवक भी शुरू हो चुकी है। इसबाद अब आवक में तेजी आ रही है परंतु दोनों ही किस्मों में किसानों को पिछले साल जितने दाम नहीं मिल पाए हैं। इससे किसानों में रोष है। मुच्छल किस्म के धान जहां बुधवार को 3300 रुपये प्रति क्विंटल थे। वहीं, यह शुक्रवार को भी 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक किसानों को मिला।
उधर, 1718 किस्म के धान के भाव भी 3200 से कम होकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल तक आ गए हैं। ऐसे में दाम कम होने पर किसान निराश है।
दूसरी ओर जिले में गत दिवस तक जिला की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर छह लाख आठ हजार 763 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद की जा चुकी है। कुल आवक में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तीन लाख 22 हजार 30 एमटी, हैफेड ने एक लाख 44 हजार 112 एमटी व हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने एक लाख 42 हजार 621 एमटी खरीदा है। इसके साथ ही तीन लाख 81 हजार 527 एमटी धान का उठान भी किया जा चुका है।
डीसी ने डॉ. विवेक भारती बताया कि बताया कि 17 अक्तूबर तक अरनौली मंडी में सात हजार 750 एमटी, बाबा लदाना मंडी में तीन हजार 737 एमटी, भागल मंडी में दो हजार 967 एमटी, ढांड 79 हजार 639 एमटी, गुहला चीका में दो लाख 33 हजार 449 एमटी, पुरानी अनाज मंडी कैथल में आठ हजार 621, नई अनाज मंडी कैथल में 66 हजार 212 एमटी, अतिरिक्त नई अनाज मंडी में 68 हजार 251 एमटी खरीद हुई है।
इसी प्रकार कलायत मंडी में आठ हजार 884 एमटी, कौल में सात हजार 240 एमटी, पाई मंडी में आठ हजार 311 एमटी, पूंडरी में 55 हजार 150 एमटी, राजौंद में छह हजार 577 एमटी, रामथली में 27 हजार 190 एमटी, सीवन मंडी में 23 हजार 814 एमटी, ट्रांसपोर्ट नगर कैथल मंडी में 971 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई।
डीसी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान को सूखाकर मंडी में लेकर आए, ताकि जल्द खरीद की जा सके। धान की फसल की कटाई के बाद फसल के अवशेषों को आग न लगाएं, बल्कि इन अवशेषों से पशुओं के लिए चारा बनाएं और इसे जमीन में मिलाकर उपजाऊ शक्ति बढ़ाएं।