कैथल। खुराना रोड स्थित कालू वाली गामड़ी गांव की 26 वर्षीय नेहा यादव ने मुक्केबाजी में जिले का नाम रोशन किया है। वह वर्तमान में भारतीय रेलवे में कोलकाता में सीनियर क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और नौकरी के साथ-साथ खेल कॅरिअर को भी आगे बढ़ा रही हैं।
किसान राजपाल यादव की बेटी नेहा ने 15 वर्ष की उम्र में बॉक्सिंग शुरू की थी। वह आरकेएसडी कॉलेज स्टेडियम में कोच गुरमीत सिंह, राजेंद्र सिंह और विक्रम ढुल के मार्गदर्शन में रोजाना करीब पांच घंटे प्रशिक्षण लेती हैं।
नेहा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक अपने नाम किए हैं। वर्ष 2018 में बुल्गारिया के सोफिया में आयोजित बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। थाईलैंड में यूथ एशियन चैंपियनशिप में दो रजत पदक, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण, सीनियर नेशनल बॉक्सिंग में रजत तथा यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किए। वहीं 2022-23 में एलपीयू जालंधर में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता।