द कन्या गुरुकुल के उद्घाटन के लिए रविवार को राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के पहुंचने की सूचना मिलते ही किसान भड़क उठे। उन्होंने राज्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही गुरुकुल के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि वे गुरुकुल में न तो बच्चों को पढ़ाएंगे और न ही इनकी बसों को गांवों में घुसने देंगे। इस दौरान करीब दो घंटे तक किसान इस स्कूल व गुरुकुल के बाहर डटे रहे और स्कूल प्रबंधक सहित भाजपा नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार किसानों को दी कन्या गुरुकुल के उद्घाटन के लिए राज्यमंत्री के आने की सूचना मिली थी। इस पर सैकड़ों किसान गुरुकुल के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर जमा होना शुरू हो गए ओर हाथ में काले झंडे लेकर राज्यमंत्री और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। किसानों के विरोध को देखते हुए उद्घाटन समारोह में आने वाले लोगों ने भी किनारा कर लिया। इससे कार्यक्रम पूरी तरह से फीका रहा। किसान नेता गुरुनाम सिंह ने कहा कि नवनिर्मित कन्या गुरुकुल स्कूल व एमडीएन स्कूल भाजपा से संबंध रखते हैं। चुनाव में कांग्रेस को छोड़ कर इन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। संयुक्त किसान मोर्चा ने भाजपा व उसके सहयोगी दलों का पूरे देश में बहिष्कार कर रखा है। स्कूल के मालिकों की राज्यमंत्री के हाथों से कन्या गुरुकुल का उद्घाटन करवाने की मंशा थी, जिसे किसानों ने धूमिल कर दिया। दोपहर बाद किसानों ने एलान कर दिया कि दोनों ही स्कूलों का किसान पूरी तरह से बहिष्कार करते हैं। अपने बच्चों को इन स्कूलों में दाखिल नहीं करवाऐंगे। जो बच्चे पहले से दाखिल हैं उन्हें स्कूल से हटा कर दूसरे स्कूलों में दाखिल करवाया जाएगा। गांवों में इन स्कूलों की बसों को घुसने नहीं दिया जाएगा। इस निर्णय पर सभा में मौजूद सभी किसानों ने हाथ उठा कर अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा के किसी भी मंत्री नेता या संगठन के अधिकारी को गांव में किसी भी सूरत में घुसने नहीं दिया जाएगा। जो भी संस्थान भाजपा व उसके सहयोगी दल के नेता को बुलाते हैं, संयुक्त किसान मोर्चा उसका पूरी तरह से बहिष्कार कर देगा। इस मौके पर गुरुनाम सिंह सहारण, दिलबाग सिंह, बलवान, दयानंद सरपंच, माला राम, चांदी राम, नरेश, रामनिवास कुराड, नन्हा गिल, रामस्वरूप, मलकीत सहारण, बिंदर, कृष्ण, सुभाष, आशीष मोर, रतिराम, अमृत लाल, भीम सिंह, सत्तू भट्टू, भीम फौजी, राजा राम, ओमप्रकाश, गुरुदेव, रामफल, कर्मवीर, राजपाल, सुरेश, बलवान सिंह, बलकार सहित मौजूद रहे।