कैथल। जिले के चीका और कलायत थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में खूनी झड़प सामने आई है। कलायत में एक किसान पर घर में घुस कर दो लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। वहीं चीका में एक महिला पर चार-पांच युवकों ने लाठी-डंडे और गंडासी से वार कर घायल कर दिया। दोनों ही अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
चीका मामले में दोनों पक्षों पर क्रास एफआईआर दर्ज की गई है। चीका थाना के जांच अधिकारी विक्रम ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
डंडे से सिर पर किया वार : वार्ड-5 कलायत निवासी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि वह खेती करता है। 23 मई को रात 1.15 बजे खेतों से घर वापस आ रहा था। 1.30 बजे जब वह अपने घर था तो घर के दरवाजे पर जोर–जोर से दस्तक की आवाज आई। जब मैंने दरवाजा खोला तो देखा कि निखिल व अमन निवासी कलायत दरवाजे पर खड़े थे। दोनों के हाथों मे डंडे थे, जिन पर तार लिपटा था। उन्हें घर के अंदर आने से रोकने की कोशिश की लेकिन अमन ने मुझे धक्का देकर अंदर कर दिया और निखिल भी उसके साथ जबरदस्ती घर के अंदर घुस आया। अंदर घुसते ही निखिल ने डंडे से मेरे सिर पर वार कर दिया और अमन ने भी डंडे से मेरे हाथ और शरीर के अन्य हिस्से पर मारना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमले के कारण सिर से खून निकलने लगा और हाथ पर भी चोटें आई। बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। पत्नी नीलू वहां पर आई। पत्नी ने बचाने की कोशिश की औऱ अमन के हाथ से डंडा पकड़ लिया उसके बाद अमन ने पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि नीलू तुरन्त भतीजे प्रताप उर्फ हैप्पी के घर की तरफ भागी। अमन डंडा लेकर उसके पीछे गया और उसे भी मारने की कोशिश की लेकिन प्रताप उर्फ हैप्पी ने बीच बचाव किया।