संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बेहतर भविष्य और अधिक कमाई के सपनों ने जिले के युवाओं को ऐसे जोखिम भरे रास्ते पर ला खड़ा किया है, जहां कई परिवार अपने चिराग खो रहे हैं। विदेश जाने की होड़ में युवा न केवल ठगी का शिकार हो रहे हैं, बल्कि कई जान भी गंवा रहे हैं। इस माह अब तक चार युवाओं की विदेशों में मौत हो चुकी है, जिससे पूरे जिले में चिंता का माहौल है।
पिछले सप्ताह रोहेड़ा गांव के गीतिक शर्मा का शव करीब पांच माह बाद गांव पहुंचा, जिससे परिजनों का दर्द फिर ताजा हो गया। बीते एक वर्ष में जिले के करीब 18 से अधिक युवाओं की विदेशों में मौत हो चुकी है। इनमें अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों के मामले शामिल हैं।
नकली वीजा और फर्जी टिकट का खेल : एजेंट कम खर्च और कम समय का लालच देकर युवाओं को अपने जाल में फंसाते हैं। कई मामलों में नकली वीजा और फर्जी टिकट थमा दिए जाते हैं।
कुछ युवाओं को सिंगापुर, बैंकॉक, मलेशिया, इंडोनेशिया और स्पेन तक भेज दिया जाता है, जहां वे 15 दिन से दो महीने तक भटकने के बाद खाली हाथ लौटते हैं। कई मामलों में एजेंट पासपोर्ट अपने पास रख लेते हैं और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी तक देते हैं।
हर माह 5 से 6 युवा हो रहे ठगी के शिकार : विदेश भेजने के नाम पर सक्रिय एजेंटों का नेटवर्क युवाओं के सपनों का फायदा उठा रहा है। हर महीने औसतन 5 से 6 युवा ठगी का शिकार हो रहे हैं। पिछले छह महीनों में जिले के लोग करीब 4 करोड़ रुपये गंवा चुके हैं। इस वर्ष अब तक करीब 12 युवाओं से विभिन्न देशों में भेजने के नाम पर ठगी हो चुकी है। पुलिस में शिकायतें दर्ज होने के बावजूद पीड़ितों को अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही है।
केस
मलयेशिया में प्रताड़ना : अग्रवाल धर्मशाला निवासी गुरदयाल सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर बैंकॉक व मलयेशिया भेज दिया गया, जहां उसे भूखा-प्यासा रखा गया और मारपीट की गई। उससे 32.30 लाख रुपये ठग
लिए गए।
नकली वीजा का शिकार: राजौंद निवासी मंजीत से इंग्लैंड भेजने के नाम पर 40 लाख रुपये लेकर नकली वीजा थमा दिया गया। उसने डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर यह रकम जुटाई थी।
गहने बेचकर ठगी: सीवन क्षेत्र के एक युवक से कनाडा भेजने के नाम पर 14.50 लाख रुपये ठग लिए गए। उसने अपनी मां के गहने बेचकर पैसे दिए थे।
विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट को पैसे देने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और किसी के झांसे में न आएं। अपनी यात्रा विकल्पों, अपनी सुरक्षा, वित्त और व्यवहार के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी लें, जिसमें आप जिस देश का दौरा कर रहे हैं उसके कानूनों का पालन करना शामिल है। सुनिश्चित करें कि जिन देशों का आप दौरा कर रहे है या पारगमन कर रहे हैं उन देशों का सही वीजा है और किसी अन्य प्रवेश या निकास आवश्यकताओं की जांच करें। आप जिस देश का दौरा कर रहे हैं उस देश के कानूनों का पालन करें। -वीरभान, डीएसपी
विधायक अादित्य सुरजेवाला ने सरकार पर साधा निशाना
कैथल। हरियाणा में बेरोजगारी के मुद्दे पर विधायक आदित्य सुरजेवाला ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कैथल जिले के युवाओं की विदेश में हुई मौतें चिंता का विषय हैं। सुरजेवाला ने कहा कि युवाओं को रोजगार न मिलने के कारण वे भारी कर्ज लेकर विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सवाल किया कि 4.25 लाख खाली सरकारी पद कब भरे जाएंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर क्यों नहीं बढ़ाए जा रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्तियों में देरी और पेपर लीक ने युवाओं के सपनों को तोड़ा है। सुरजेवाला ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। संवाद