संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसपी उपासना ने बताया कि आजकल साइबर ठग किसी परिचित जानकर की फर्जी प्रोफाइल लगाकर फर्जी व्हाट्सएप नंबर से उधार रुपये की मांग करके ठगी को अंजाम दे रहे हंै। एसपी ने ऐसे साइबर ठगों से सावधान रहने का आह्वान किया।
एसपी ने बताया कि व्हाट्सएप पर आपके परिचित की तस्वीर लगा कर, साइबर अपराधी आपको मैसेज भेजते हैं और यह बताते हैं कि वह किसी जरूरी मीटिंग में है और कुछ पैसे की जरूरत है। क्योंकि वह मीटिंग में बात नहीं कर पाएंगे। इसलिए उनके अकाउंट में ही में पैसे डाल दें। वे बताते हैं कि यह नंबर भी उन्हीं का है। चूंकि प्रोफाइल फोटो में परिचित की तस्वीर रहती है तो आप आनन-फानन में पैसे डाल देते हैं। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो ठगी से बच सकते हैं।
एसपी ने बताया कि किसी परिचित का प्रोफाइल फोटो लगाकर अगर आपसे कोई पैसे की मांग करता है तो आप तुरंत सतर्क हो जाइए क्योंकि कोई भी व्यक्ति संकट के समय मैसेज भेज कर मदद नहीं मांगेगा। व्हाट्सएप के सेटिंग में कई सुरक्षा की प्रणालियां है उन सभी को गौर से पढ़ें और उन्हीं सेटिंग को अपने व्हाट्सएप में लागू करें। व्हाट्सएप पर अपने प्रोफाइल फोटो को सुरक्षित करके रखें ताकि उसे कोई चुरा न सके।
अगर व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुआ है तो उसे रिसेट करना है। इसके बाद आपको व्हाट्सएप में दोबारा पहले जैसे ही लॉगिन करना पड़ेगा। उसके बाद आपके अकाउंट पर ओटीपी आएगा और अपराधी द्वारा हैक किया हुआ अकाउंट लॉग आउट हो जाएगा।