संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नकली किन्नर बनकर आपत्तिजनक वीडियो और कटाक्ष पोस्ट करने वाले युवक का मामला फिर तूल पकड़ गया। शुक्रवार देर सायं युवक ने थाना में लिखित माफीनामा दिया था, लेकिन रात में सोशल मीडिया पर फिर से किन्नर महंत अलका पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी।
मामले को लेकर किन्नर समाज युवक को सबक सिखाने के लिए पुलिस स्टेशन के लिए निकला। हालांकि, युवक के परिजनों ने मौके पर माफी मांगकर मामला शांत किया। परिजनों ने आश्वस्त किया कि भविष्य में बेटा ऐसी हरकत नहीं करेगा।
किन्नर महंत अलका ने बताया कि युवक महिला के कपड़े पहनकर नकली किन्नर बन रहा था और सोशल मीडिया पर किन्नरों तथा उनके खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो डालकर उन्हें परेशान कर रहा था। इतना ही नहीं, युवक लोगों से अवैध रूप से पैसे भी ऐंठ रहा था। महंत अलका ने कहा कि युवक की इस हरकत से किन्नर समाज की छवि धूमिल हो रही है और आम जनता को भी गुमराह किया जा रहा है।
शुक्रवार देर सायं किन्नर समाज के लोग कलायत थाना पहुंचे और युवक की शिकायत दर्ज कराई। करीब दो घंटे चले हंगामे के दौरान पुलिस ने मध्यस्थता की। युवक से सभी आपत्तिजनक वीडियो हटवाए गए और उसे कड़ी फटकार लगाई गई। युवक के लिखित माफी देने और गलती स्वीकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ लेकिन रात्रि में
सोशल मीडिया पर फिर पोस्ट डालने से मामला फिर गंभीर हो गया, जिसे अंततः युवक के परिजनों की माफी के बाद शांत किया गया।
किन्नर महंत अलका की समाजसेवा में भूमिका
वर्ष 2017 से किन्नर महंत अलका समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने गरीब और बिना मां-बाप की कई लड़कियों का विवाह करवाया है। विवाह समारोह में लड़कियों को घोड़ी पर बैठाकर लाने की परंपरा भी उन्होंने निभाई। इसके अलावा, रामबाग, मंदिर निर्माण और गरीब लड़कियों की पढ़ाई तथा अन्य सामाजिक कार्यों में भी उनका आर्थिक सहयोग लगातार बना हुआ है।