संवाद न्यूज एजेंसी
कैैथल। अमर उजाला फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बुधवार को देवीगढ़ की चौपाल में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया। इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहरी कैथल के मुख्य चिकित्सक डॉ. दीपक राविश ने कहा कि समय-समय पर मधुमेह, रक्तचाप की जांच कराई जाए तो शरीर स्वस्थ रहेगा। उन्होंने शिविर में पहुंचे 70 मरीजों की जांच की। साथ ही उन्हें निशुल्क दवाएं भी वितरित की गई।
शिविर में सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला, गांव की सरपंच बतेरी देवी व प्रतिनिधि श्याम लाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर में चिकित्सक के साथ लैब तकनीशियन डॉ. नरेश, फार्मासिस्ट डॉ. जितेंद्र और नर्सिंग ऑफिसर पूनम ने भी अपनी ड्यूटी निभाई। इस शिविर में सबसे अधिक बीमारी मधुमेह व रक्तचाप की मिली। शिविर के दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते हुए डॉ. दीपक राविश ने मधुमेह और रक्तचात की जांच के संबंध में कई जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खानपान में सावधानियां न बरतने पर भी बीमारियां लगातार बढ़ रही है। हमें हमेशा ही हल्का खाना खाकर ही अपने स्वास्थ्य को ठीक रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ बढ़ने के कारण हम कई बार तनाव और कार्यक्षेत्र में अधिक परेशानी का सामना करते हैं, लेकिन परेशान न होकर समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच हमेशा करवाते रहना चाहिए। इस मौके पर जितेंद्र, जसबीर, सूरजभान, जयपाल, रेनू, रामकली, सुदेश, सीमा और रीना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
शिविर में इनकी हुई जांच
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में मधुमेह व रक्तचाप के साथ त्वचा रोग, हार्टबीट, बुखार, खांसी सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। इसके साथ ही इस समय मौसम में हो रहे बदलाव में होने वाली बीमारियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। इसमें उन्हें बताया कि सर्दी की मौसम में किस प्रकार से बच्चाें और बुजुर्गाें को बीमारियाें से बचाया जा सकता है। सरंपच प्रतिनिधि श्याम लाल ने शिविर की प्रशंसा की।