शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था सेवा संघ नेत्रदान करवाकर जरूरतमंद लोगों के जीवन की राह को रोशन कर रहा है। इस पुण्य कार्य को सफल बनाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा लिटरेचर बनवाया गया है, जो लोगों को नेत्रदान करने के लिए प्रेरित करता है। संस्था नेत्रदान के लिए अन्य प्रक्रियाओं के माध्यम से भी लोगों को जागरूक कर रहा है। इससे कई लोग प्रभावित भी हुए और नेत्रदान के लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाया है।
2012 में शुरुआत, किया केंद्र स्थापित
सेवा संघ पिछले पांच वर्षों से लगातार नेत्रदान कराने का कार्य कर रहा है। संघ के संस्थापक शिव शंकर पाहवा ने बताया कि जिले में संस्था की ओर से हंसराज मेमोरियल नेत्रदान केंद्र स्थापित किया है। इसकी स्थापना सितंबर 2012 में की गई थी। जिसके तहत जिले में अलग अलग क्षेत्रों में नेत्रदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए टीमें बनाई गई।
अब तक 100 का कराया नेत्रदान
शिव शंकर पाहवा ने बताया कि नेत्रदान के लिए संस्था की ओर से करनाल के माधव नेत्र बैंक करनाल का सहयोग लिया जा रहा है। नेत्रदान की प्रक्रिया के तहत पिछले पांच वर्षों में अब तक करीब 100 लोगों का मृत्युपरांत नेत्रदान करवाया गया है।
एक हजार लोग ले चुके हैं नेत्रदान की शपथ
पाहवा ने बताया कि जब संस्था द्वारा नेत्रदान का पुण्य कार्य की शुरुआत की गई तो लोगों में धीरे-धीरे जागरूता बढ़ने लगी। अब तक एक हजार लोगों ने नेत्रदान की शपथ ली है और वे इसके लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।
ये हैं टीम में शामिल
शिव शंकर पाहवा, डॉ. राजकुमार, डॉ. अनु मदान, डॉ. दीपक, अशोक भारती, सचिन धमीजा, मदन खुराना, नरेश भारती, जगन गुगलानी, सुभाष कथुरिया, अशोक कथुरिया अदि आई डोनशन टीम में शामिल हैं।