कैथल। जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। बर्खास्त पुलिसकर्मी सुनील संधू के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए हैं। आरोपी उनकी फोटो लगाकर परिचितों और अन्य लोगों को मैसेज भेज रहा है और आर्थिक मदद के नाम पर रुपये मांग रहा है। सुनील संधू ने बताया कि किसी शख्स ने उनकी फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली है। इस आईडी से लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। कुछ परिचितों ने जब उनसे फोन पर इस बारे में पूछा तो उन्हें पूरे मामले का पता चला।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इस फर्जी फेसबुक अकाउंट से कोई लेना-देना नहीं है और न ही उन्होंने किसी से पैसे मांगे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनके नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने का मैसेज आए तो उस पर भरोसा न करें। सुनील संधू ने बताया कि मामले की शिकायत संबंधित प्लेटफॉर्म पर की जा रही है ताकि फर्जी अकाउंट को जल्द बंद कराया जा सके। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाले मैसेज मिलने पर पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके। संवाद