Explosion caused by overturning a tanker filled with 22 ton coal tar, driver killed, helper injured
- फोटो : Kaithal
राजौंद पूंडरी रोड पर शुक्रवार देर रात्रि अचानक नीलगाय आगे आने से अनियंत्रित हुए कैंटर पलटने से जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कैंटर चालक की गर्म तारकोल में झुलसने से मौत हो गई और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद कड़ी मशक्कत से चालक के शव को कैंटर से बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला अस्पताल में पहुंचे कैंटर चालक के जीजा विजयपाल ने बताया कि मथुरा जिला के गांव झांसा निवासी उसका साला भोजपाल पिछले 10 सालों से पानीपत में एक ट्रांसपोर्टर के यहां बतौर चालक के पद पर प्राइवेट नौकरी करता था। इसके साथ ही इसका चचेरा भाई राजकुमार भी इसी के साथ काम करता था। शुक्रवार को उसका साला पानीपत रिफायनरी से तारकोल लोड कर पिहोवा की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही वे रात्रि करीब 12 बजे राजौंद से पूंडरी रोड गांव पाई के पहुंचे तो वाहन के आगे अचानक नीलगाय आने से चालक संतुलन खो बैठा। इसके बाद तारकोल से भरा कैंटर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा और पलट गया। इसके बाद गर्म हुआ तारकोल से भरे कैंटर की बॉडी फट गई और फटने से बाहर निकला तारकोल केबिन की ओर से होते हुए चालक सीट पर बिखर गया। इससे गर्म हुआ तारकोल कैंटर चालक के ऊपर गिर गया। इससे चालक बेहोश हो गया। वहीं पास बैठे हेल्पर की हालत भी बिगड़ गई। दोनों को पुलिस ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने भोजपाल को मृत घोषित कर दिया और हेल्पर राजकुमार को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया।
जांच अधिकारी एसआई सतपाल ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल अधिनियम 174 के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात्रि राजौंद-पूंडरी रोड पर हुए हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना से जोड़ा जा रहा है। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर गिरा। इसमें 120 डिग्री पर गर्म हुए तारकोल से भरा टैंकर फटने से चालक तारकोल में झुलस गया। पुलिस ने जेसीबी से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन इसमें भी पुलिस असफल हुई। इसके बाद क्रेन के जरिए वाहन को उठाया गया और कड़ी मशक्कत से चालक को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।