संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त हो जिला विशेष अभियान के तहत गांव-गांव, ढाणियों, चौपालों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। शनिवार को कैथल, सीवन और गुहला क्षेत्रों के गांवों में पुलिस टीमें पहुंचीं और नशा विरोधी संदेश दिया।
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक क्षमता को कमजोर करता है, मानसिक संतुलन बिगाड़ता है और सामाजिक प्रतिष्ठा को नष्ट कर देता है। युवाओं को विशेष रूप से यह समझाया जा रहा है कि नशे की लत भविष्य को अंधकारमय बनाती है और अपराध की ओर धकेलती है।
टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल और एसपीओ प्रदीप कुमार शामिल रहे। टीम ने लोगों को नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। एसपी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तुरंत मानस हेल्पलाइन 1933 पर दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। साथ ही इस हेल्पलाइन पर नशे के शिकार लोगों को इलाज और काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।