संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एडु स्पोर्ट्स के तत्वावधान में दर्शन अकादमी, 5वां माइल में अंतर-विद्यालय फुटबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता का भव्य, अनुशासित और सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान फुटबॉल और खो-खो के रोमांचक मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता में क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों एस.डी.एम. इंटरनेशनल स्कूल राजौंद, पुलिस लाइन फुटबॉल क्लब, अखिल भारतीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा दर्शन अकादमी, 5वां माइल, कैथल की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क, आपसी सहयोग के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक दक्षता का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, ऊर्जा और समर्पण से दर्शकों का मन मोह लिया। फुटबॉल एवं खो-खो के सभी मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने जीत हासिल करने के लिए पूरा दमखम झोंक दिया। खेल मैदान पर जहां तेज रफ्तार खेल और रणनीतिक चालों ने मुकाबलों को रोचक बनाया, वहीं खिलाड़ियों द्वारा दिखाया गया अनुशासन और खेल भावना सभी के लिए प्रेरणास्पद रही। दर्शकों में भी मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और हर अच्छे खेल पर तालियों की गूंज सुनाई दी। खिलाड़ियों ने केवल खेल कौशल का ही प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि आपसी सौहार्द, सहयोग और अनुशासन का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। निर्णायकों द्वारा सभी मुकाबलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू संचालन किया गया, जिससे प्रतियोगिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने एडु स्पोर्ट्स, सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस मौके पर स्कूल कोऑर्डिनेटर रितिका, रेनू, खुशबू, सोनिया, नीतू, पूजा, मुकेश, ललिता, रिया सेतिया, रितु एवं अभिमन्यु आदि उपस्थित रहे।