संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामगढ़ पांडवा, कलायत के विद्यार्थियों ने प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य डा.अश्विनी मंगला ने बताया कि निबंध लेखन में प्राची और नारा लेखन में रीशु को पहला स्थान मिला।
प्रश्नोत्तरी में कक्षा छह से आठ में रोहन, चंचल, परी प्रथम, कक्षा 9 से 12 में उर्वशी, अंशिका द्वितीय स्थान पर रही। इसी तरह से भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 में मीनाक्षी ने तृतीय स्थान, कक्षा 6 से 8 में कशिश ने प्रथम स्थान हासिल किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में संगीता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हिंदी प्राध्यापिका राजरानी, हिन्दी अध्यापक सतीश कुमार एवं संस्कृत अध्यापक संजय कुमार ने छात्रों के इस शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधानाचार्य डाॅ. अश्वनी कुमार मंगला ने सभी विजेता छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों के इस शानदार प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।