संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। कैथल-असंध मार्ग के जींद मोड़ पर सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रही खोदाई के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब चार माह से सड़क पर यह कार्य जारी है, जिससे पहले एक साइड और अब दूसरी साइड में खोदाई होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
स्थानीय लोग बताते हैं कि कई बार तो इतना लंबा जाम लग जाता है कि यहां से खाली व्यक्ति भी नहीं निकल पाता। जाम में फंसे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा कार्य नगर के दुकानदारों के व्यवसाय को भी प्रभावित कर रहा है। सड़क टूटी होने के कारण दुकान के सामने आने-जाने का रास्ता नहीं है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही रुक गई है और व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि 500 मीटर के इस टुकड़े पर चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन पीडब्ल्यूडी और जन स्वास्थ्य विभाग दोनों की लापरवाही का खामियाजा राजौंद के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्य पूरा करने और सड़क को सुचारू रूप से खोलने की मांग की है, ताकि दुकानदार और आम नागरिक राहत पा सकें।