एचेटट की परीक्षा देती परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एचटेट लेवल तीन की परीक्षा में लिटिल फ्लावर स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को आधा घंटा लेट पेपर बांटा गया। जिससे परीक्षार्थियों में रोष है। उनकी मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई कर उनकी परीक्षा दोबारा ली जाए।
बता दें कि उक्त स्कूल के तीन कमरों में बैठे 72 विद्यार्थियों की परीक्षा आधा घंटा लेट शुरू हुई है।
परीक्षार्थी तनु व संदीप कौर ने बताया कि नियमों के तहत एक बजकर 55 मिनट पर पेपर मिलना था। लेकिन उन्हें सवा दो बजे तक पेपर नहीं मिला। इसके बाद दो बजकर 25 मिनट पर गलत कोड का पेपर दे दिया। कर्मचारी से बात की तो उसने आधा घंटा अतिरिक्त समय देने की बात कही लेकिन बाद में अतिरिक्त समय नहीं मिला। उन्होंने बताया कि सेंटर में कमरा नंबर-19, 25 और 26 में 24-24 विद्यार्थी बैठे थे। जिसके कारण कुल 72 परीक्षार्थियों की परीक्षा लेट शुरू हुई है।
जिले में बनाए गए थे 18 परीक्षा केन्द्र
एचटेट लेवल तीन की परीक्षा के लिए जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिसमें परीक्षार्थियों को कई सुरक्षा घेरों के बीच से निकलकर जाना पड़ा। परीक्षा केेन्द्रों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा था।
बनाए गए थे 16 उड़न दस्ते
नकल को रोकने के लिए प्रशासन ने 16 उड़न दस्ते बनाए थे। जिले में कुल 5214 विद्यार्थियों को एचटेट लेवल तीन की परीक्षा देनी थी। जिसमें से 4850 विद्यार्थियों नेे परीक्षा दी है।
एसडीएम नरेंद्रपाल मलिक ने बताया कि उन्होंने केंद्र अधीक्षक से बात की है। उन्होंने ऐसा कुछ नहीं होने की बात कही है। इसके अलावा उनके पास इस प्रकार कोई शिकायत भी नहीं है।