कैथल। आरकेएसडी कालेज में रविवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की क्लर्क पद की परीक्षा के दौरान लिस्ट में नाम न होने पर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को सूची में अपना नंबर और नाम नहीं मिला तो वह घबड़ा गए। यह जानकारी केंद्र प्रभारी को दी, कुछ समय तक तो कालेज प्रशासन और उनका स्टाफ समझ नहीं पाया कि, ये क्या हुआ। कुछ देर बाद स्टाफ में से ही किसी को गलती का पता चला कि सुबह की पाली के स्थान पर शाम की पाली की सूची चस्पा हो गई है। यह जानकारी अभ्यर्थियों दी और कहा कि थोड़ी देर में आप लोगों के नाम की सूची चस्पा हो जाएगी। करीब आधा घंटे के बाद नई सूची लगा दी गई। उसी के बाद अभ्यर्थी शांत हुए। रविवार को दो सत्रों में परीक्षा हुई। जिसमें सुबह के सत्र में नौ बजे से पहले परीक्षा केंद्रों में प्रवेश किया जाना था। हिसार, महेंद्रगढ़, गुडग़ांव सहित दूर-दराज से परीक्षार्थियों व उनके परिजनों की परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ उमड़ पड़ी।
जाम और जैमर से लोग रहे परेशान
परीक्षा के चलते शहर में जाम की स्थिति से लोग परेशान रहे। करनाल रोड, अंबाला रोड व ढांड रोड पर स्थित स्कूलों के बाहर, सांय के समय जींद रोड बाईपास पर जाम की स्थिति बनी रहीं। वहीं बसों में पांव रखने की जगह नहीं मिली। परीक्षार्थियों को बस अड्डे पर घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे। जिस कारण शहर में लोगों को मोबाइल पर बात करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फोन कटते रहे और मुश्किल से फोन मिल रहे थे।
15 हजार 994 परीक्षार्थी पहुंचे
डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि लिपिक पद के लिए दोनों सत्रों में 23 हजार 88 उम्मीदवारों में से 15 हजार 994 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। उड़नदस्तों द्वारा सभी केंद्रों की चेकिंग की गई। सुबह के सत्र में 11 हजार 544 उम्मीदवारों में से 7 हजार 832 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, जिनका उपस्थिति प्रतिशत 67.84 रहा। इसी तरह सायं कालीन सत्र में 11 हजार 544 उम्मीदवारों में से 7 हजार 762 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। जिनका उपस्थित प्रतिशत 67.23 रहा। उन्होंने बताया कि जिला में इस परीक्षा को पूर्णत: नकल रहित और शांति पूर्वक ढंग से किया जा रहा है। कानून व्यवस्था व अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई है, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को कोई परेशानी नही हो। 23 सितंबर को भी सुबह और सायं कालीन सत्र में परीक्षा आयोजित की जाएगी।