संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन (कैथल)। सावन माह में भगवान शिव के लिए कांवड़ लेकर गोमुख से लौट रहे सीवन के युवाओं के साथ शनिवार तड़के हादसा हो गया। ऋषिकेश-देहरादून मोटर मार्ग पर सात मोड़ काली मंदिर के पास हुई दुर्घटना में ये घायल हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और सीवन नगर में चिंता का माहौल फैल गया। बताया कि ज्यादा युवा हर साल कांवड़ यात्रा करते हैं लेकिन इस बार हादसा हो गया। गनीमत है कि जनहानि नहीं हुई।
ये शिवभक्त हर साल कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं और यह उनकी सातवीं यात्रा थी। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजनों में बेचैनी फैल गई। साहिल के भाई जिंदर मलिक ने बताया कि जैसे ही उन्हें सुबह हादसे की खबर मिली, कुछ परिजन तुरंत ऋषिकेश रवाना हो गए, जबकि अन्य दोपहर में घायलों को वापस लाने के लिए निकल पड़े। इस घटना के बाद सीवन और आसपास के क्षेत्रों में हादसा चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग लगातार एक-दूसरे से संपर्क कर रहे हैं और घायलों की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते दिखे।