संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। श्री श्याम निष्काम सेवा मंडल की ओर से करनाल रोड स्थित महाराजा जाट सूरजमल खेल स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी की ओर से गाए गए बाबा श्याम के भजनों श्रद्धालु खूब झूमे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अर्जुन है और अपने कृष्ण को ढूंढ रहा है।
तीन दिवसीय कथा में कथा वाचक जया किशोरी ने श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया और भगवान श्री कृष्ण से जुड़े किस्सों का वर्णन किया। कथा के समय प्रस्तुत किए गए भजनों ने भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करते हुए खूब समा बांध दिया।
कथा के समापन के दिन जया किशोरी ने युवाओं को अध्यात्म से जुड़ने पर जोर दिया। कथावाचक जया किशोरी ने कहा कि हर व्यक्ति अर्जुन है। उसके दिमाग में रोज एक महाभारत का युद्ध हो रहा है और वह अपने कृष्ण को ढूंढ रहा है, लेकिन कृष्ण को ढूंढने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह गीता जी के रूप में आपके घर में बैठे है।
कथावाचक जया किशोरी ने कहा कि विडंबना है कि हम उन्हें खोलते नहीं है। बच्चों को बचपन से आध्यात्म की सीख दी जानी चाहिए। इस मौके पर समिति के सदस्य मौजूद रहे।