फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: खानपुर में हर घर नल योजना बनी परेशानी का सबब

Wed, 02 Jul 2025 01:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सीवन। सरकार की हर घर नल योजना खानपुर के ग्रामीणों के लिए पानी की सुविधा का सपना नहीं, बल्कि बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। करीब 18 महीने पहले जन स्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन बिछाने की परियोजना शुरू की थी, जो अब तक अधूरी पड़ी है। इस अधूरे काम ने गांव की गलियों और कई घरों को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है।

ग्रामीण सुभाष ने बताया कि काम शुरू होने पर सभी ने खुशी जताई थी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, यह योजना मुसीबत में बदलती गई। ठेकेदार ने जेसीबी मशीन से खुदाई कर गलियों की पूरी संरचना खराब कर दी। ग्रामीणों का मानना है कि मजदूरों से खुदाई करवाई जाती तो गलियों को कम नुकसान होता और मरम्मत भी आसान रहती।
विज्ञापन


सुभाष के अनुसार, काम की शुरुआत में ठेकेदार ने भरोसा दिलाया था कि खुदाई के बाद गलियों और नालियों को पहले जैसा दुरुस्त कर दिया जाएगा। मगर 18 महीने बाद भी मरम्मत अधूरी पड़ी है। कुछ गलियों में दिखावे के लिए काम किया गया, लेकिन वहां भी ईंटों के नीचे न गिट्टी डाली गई और न भराव किया गया। इस वजह से गलियां धंसने लगी हैं। जर्जर नालियों से रिसता पानी कई घरों की नींव तक पहुंच रहा है और दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। कुछ जगह नालियां टूट चुकी हैं या पूरी तरह बंद हो गई हैं, जिससे बरसात में हालात और भी खराब हो जाते हैं। नाराज ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार केवल कामचलाऊ रवैया अपना रहा है और मानकों का कोई पालन नहीं कर रहा। लीकेज ठीक करने के नाम पर खुदाई दोबारा शुरू हो गई है, जिससे साफ है कि काम में गुणवत्ता नहीं बरती गई।

सरपंच प्रतिनिधि सोनू सैनी ने बताया कि शुरुआत में ही ठेकेदार को जेसीबी मशीन का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। खुदाई के दौरान पूरे गांव की गलियों और नालियों को नुकसान पहुंचा, घरों के पुराने जल कनेक्शन तोड़ दिए गए। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर कनेक्शन ठीक करवाए, जबकि बाकी कनेक्शन पंचायत ने दुरुस्त कराए। जब इस बारे में ठेकेदार से बात हुई तो उसने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि कनेक्शन ठीक करना लोगों की जिम्मेदारी है।
विज्ञापन




गांव में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ठेकेदार को जो कार्य सौंपा गया था, वह पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है। इसके बाद गांव की ओर से नए पानी कनेक्शन की मांग आई थी, जिस पर विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका एस्टीमेट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। जैसे ही इस पर स्वीकृति प्राप्त होगी, नए कनेक्शन भी तत्काल लगा दिए जाएंगे। -इंद्राज सिंह, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें