संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला रामनगर भूना निवासी पूर्व फौजी की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिसमें उसके बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए और उसे मैक्सिको में फंसा दिया गया।
सेवानिवृत्त फौजी से ठगे 50 लाख, बेटा मैक्सिको में फंसा ः शिकायतकर्ता जगीर सिंह, जो जुलाई 2024 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे, ने बताया कि सेना से मिली 80 लाख रुपये की राशि में से करीब 50 लाख रुपये बेटे को विदेश भेजने के नाम पर ठग लिए गए। जगीर सिंह का बेटा सुखबीर गांव के ही सलीम का दोस्त है, जिसके पिता अशोक कुमार कथित रूप से विदेश भेजने का काम करते हैं। अशोक ने अमेरिका भेजने का झांसा देकर पहले 4.5 लाख और फिर 20 लाख रुपये नकद लिए।
महिला परिजनों की मानसिक स्थिति पर असर ः जगीर सिंह ने बताया कि बेटे की ऐसी स्थिति और लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति खराब हो गई है।
सीवन थाना में दर्ज इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और एएसआई रोहताश की टीम ने पटियाला (पंजाब) निवासी मनोज कुमार उर्फ मोजी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस उससे पूरे नेटवर्क और ठगी के तौर-तरीकों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर विदेशी वीज़ा के नाम पर चल रहे ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी यात्रा क्रम : दुबई से लेकर होंडुरस तक
सुखबीर को 2 जनवरी 2025 को दुबई, फिर जर्मनी, स्पेन, ग्वाटेमाला, निकारागुआ होते हुए होंडुरस भेजा गया। इस दौरान विभिन्न चरणों में 17 लाख और फिर मार्च में 10 लाख रुपये और लिए गए लेकिन अंतिम लक्ष्य अमेरिका तक नहीं पहुंच पाया और अब युवक मैक्सिको में फंसा हुआ है, जहां से परिजनों को धमकियां भी मिल रही हैं।