कैथल। जिला परिषद और पंचायत समितियों के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले में जांच अभी भी पूरी नहीं हो पाई है। खातों से राशि निकलने की बात सामने आने को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक जिले की ग्राम पंचायतों की जांच रिपोर्ट प्रशासन के पास नहीं पहुंची है।
जिले की सभी 277 ग्राम पंचायतों के बैंक खातों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। हालांकि पंचायतों के खाते से भी करोड़ों रुपये निकाले जाने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक, जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या काफी अधिक होने के कारण सभी खातों का रिकॉर्ड खंगालने में समय लग रहा है।
प्रत्येक ग्राम पंचायत के बैंक खाते, पिछले दिनों हुए ट्रांजेक्शन और मौजूदा बैलेंस की बारीकी से जांच की जा रही है। संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के माध्यम से हर पंचायत की पासबुक और बैंक स्टेटमेंट का मिलान किया जा रहा है।