समाधान शिविर में शिकायतें सुनते एडीसी।
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एडीसी सुशील कुमार ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में भूमि व इंतकाल संबंधी समस्या, पंचायत भूमि पर अतिक्रमण, जन्म प्रमाणपत्र में त्रुटि सुधार और पेंशन से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। उन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में भगत सिंह काॅलोनी निवासी शिव कुमार ने पट्टी गाड़ड़ में वर्ष 2020 में खरीदी गई भूमि के इंतकाल में त्रुटि होने की शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि रजिस्ट्री के अनुसार पूरी भूमि दर्ज नहीं हुई जिसके कारण उसे भूमि के उपयोग में कठिनाई आ रही है। एडीसी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी रमेश कुमार मौजूद रहे।
ये भी आईं शिकायतें
- गांव चंदाना से प्राप्त हुई, जिसमें तालाब की भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने का आरोप लगाया गया। एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- जनकपुरी कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे के जन्म प्रमाणपत्र में उसकी मां नाम की त्रुटि सुधार से संबंधित शिकायत भी आई। शिकायतकर्ता ने जन्म प्रमाणपत्र में दर्ज नाम को सही करवाने का अनुरोध किया।
- गांव मुंदड़ी निवासी शकुंतला देवी ने लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलने के कारण उसकी विधवा पेंशन बंद होने संबंधित शिकायत दर्ज करवाई। प्रार्थियों ने मांग की है कि उसकी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ बंद करके उसकी विधवा पेंशन को दोबारा सुचारू रूप से चालू किया जाए।
-
एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखें।
समाधान शिविर में शिकायतें सुनते एडीसी।