संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को पंचकूला से जांच करने के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) की टीम पहुंची। इस दौरान एनक्वास की टीम ने अस्पताल में सामान्य वार्ड लेकर आपातकालीन वार्ड में निरीक्षण किया। कई जगहों पर कमियां मिलने पर टीम के सदस्यों ने नाराजगी जताई। साथ ही जवाब-तलब किया।
एनक्वास टीम में पंचकूला स्थित मुख्यालय से आए दो चिकित्सक शामिल रहे। टीम ने कमियां मिलने पर नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य स्टाफ से नाराजगी जताई। टीम के सदस्य सबसे पहले आपातकालीन वार्ड में पहुंचे। यहां पर उन्हाेंने चिकित्सकों की स्थिति पर जानकारी ली।
इसके बाद ईसीजी कक्ष में ईसीजी मशीन के संचालन पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली। यहां पर ईसीजी मशीन ठीक ढंग से चलती हुई मिली। इसके बाद यहां बने एक्सरे कक्ष में आए मरीजों से बातचीत की और उनकी परेशानी जानी। इसके बाद टीम के सदस्यों ने सामान्य वार्ड का दौरा किया।
सामान्य वार्ड में दाखिल मरीजों से भी उन्हें मिल रहे इलाज पर फीडबैक लिया। इसके बाद टीम के सदस्य गायिनी वार्ड में पहुंचे। यहां पर मौजूद नर्सिंग ऑफिसर से डस्टबिन के प्रयोग और साफ-सफाई पर जानकारी ली। जब उनसे सफाई के प्रबंध पर जानकारी मांगी तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। इसके बाद उन्हें फटकार लगाई। इसके साथ ही अस्पताल में आग से निपटने के लिए किए गए प्रबंध के तहत फायर सिलिंडरों की जांच की। यह सही पाए गए। एनक्वास की टीम के दौरे पर जिला नागरिक अस्पताल के जिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि पंचकूला से एनक्वास की टीम जांच के लिए पहुंची थी। उन्होंने यहां पर अस्पताल में सभी प्रबंधों को लेकर जांच की है। अब यह रिपोर्ट मुख्यालय में ही देंगे।