संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगरपालिका चीका की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगरपालिका टीम ने विभिन्न मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
अभियान के दौरान दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को जागरूक करते हुए समझाया गया कि सड़क और फुटपाथ पर सामान रखने से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। नगरपालिका टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न किया जाए। नगरपालिका अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए नागरिकों व दुकानदारों का सहयोग बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे नगर को सुंदर बनाए रखने में नगरपालिका का सहयोग करें और सरकारी नियमों का पालन करें। अभियान में पालिका सफाई दारोगा हिसम सिंह, फील्ड असिस्टेंट मदन शर्मा, परिषद समन्वयक प्रकाश, बिल वितरक तरसेम शर्मा, रमेश कुमार सहित अन्य नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे।