संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजौंद क्षेत्र के जींद-राजौंद रोड पर होली की अलसुबह पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें कुख्यात गैंगस्टर अनूप उर्फ फैजल मारा गया। यह एनकाउंटर कैथल की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम ने किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि फैजल राजौंद क्षेत्र में छिपा हुआ है, जिसके बाद उसे घेरने की कोशिश की गई। खुद को बचाने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से वह ढेर हो गया। बदमाश पर दिल्ली, यमुनानगर, झज्जर में गैंगस्टर और कैथल में हत्या, लूट, डकैती और फिरौती के कई मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि अनूप उर्फ फैजल झज्जर जिले का रहने वाला था और जोगा हजवाना व मिपा नरड़ गैंग से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ दिल्ली, यमुनानगर, झज्जर और कैथल में हत्या, लूट, डकैती और फिरौती के कई मामले दर्ज थे। अभी कुछ महीनों पहले ही वह दिल्ली तिहाड़ जेल से जमानत पर आया हुआ था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अनूप उर्फ फैजल जींद-राजौंद रोड पर मौजूद है। इसके बाद एसएसआई तरसेम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने उसे मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन फैजल ने जवाब में 10-12 राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और जवाबी फायरिंग में फैजल को गोली लग गई। वह बाइक से गिर पड़ा, जिसके बाद उसे कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इन वारदातों को दिया था अंजाम
15 जनवरी 2024 में हेजल ने कैथल के पाई गांव में फायरिंग की थी। दरअसल, सचिन नामक युवक क्रिकेट खेलने जा रहा था, तभी कुछ बदमाशों ने कार से आकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में सचिन को बाजू, कमर और जांघ में गोली लगी थी। इस हमले की जांच में अनूप उर्फ फैजल का नाम सामने आया था।
कैथल के पूंडरी में 26 फरवरी को सलामत मिष्ठान भंडार पर फायरिंग की गई थी। दुकानदार साहिल गिरधर ने पुलिस को बताया था कि तीन बदमाश बाइक पर आए। उन्होंने आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग में दुकान के शीशे टूट गए, लेकिन गनीमत रही कि जान का नुकसान नहीं हुआ। बदमाशों ने उसे जान से मारने की नीयत से दुकान पर फायरिंग की।
बदमाश अनूप उर्फ फैजल पर बादली थाना जिला झज्जर में एक हत्या व हत्या के प्रयास के केस में व यमुनानगर एक हत्या के प्रयास के केस में और जिला कैथल में फिरौती, हत्या के प्रयास के दो से तीन केसों में वांछित था। आरोपी अनूप उर्फ फैजल दिल्ली से भी भगौड़ा घोषित था। उसकी वर्ष 2015 में झज्जर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती के काफी मामले दर्ज हैं।
एसपी राजेश कालिया ने बताया कि 13 मार्च को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल पुलिस टीम रात्रिकालीन गश्त दौरान थाना ढांड क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि फायरिंग करने व कातिलाना हमला करने के मामलों में वांछित आरोपी अनूप उर्फ फैजल किसी वारदात को अंजाम देने के लिए राजौंद पूंडरी क्षेत्र में घूम रहा है। उसके पास बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक है, जो कुछ देर पहले पूंडरी से राजौंद की तरफ गया है।
सूचना के आधार पर प्रभारी स्पेशल डिटेक्टिव युनिट कैथल एस आई रमेश चंद की अगुवाई में डिटेक्टिव युनिट की अलग-अलग टीमें अलग एरिया में वांछित आरोपी की तलाश में लग गई तथा साथ में जिला पुलिस की अन्य ईकाइयां भी उपरोक्त सूचना पर आरोपी की तलाश में लग गई। जो सूचना के आधार पर पूंडरी से राजौंद के रास्तों पर संदिग्ध की तलाश की गई। पुलिस टीमों ने अपने सूत्रों से भी आरोपी की तलाश जारी रखी। रात्रि करीब तीन बजे के आस-पास स्पेशल डिटेक्टिव युनिट की टीम को राजौंद से जींद रोड माइनर के पुल के पास एक लड़का बिना नंबर की मोटरसाइकिल के पास खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस की गाड़ी पास पहुंचते ही बाइक स्टार्ट कर माइनर के साथ लगते कच्चे रास्ते से उसने भागने का प्रयास किया गया तभी उसकी बाइक फिसल गई। युवक बाइक को छोड़कर कच्चा रास्ते पर अंधेरा को फायदा उठाकर पेड़ों की आड़ में छुप गया। इस बीच उसने फायरिंग शुरू कर दी। यह देख मौके पर मौजूद टीम ने कंट्रोल रूम व अन्य टीमों को सूचित किया गया। वांछित को काबू करने के लिए पुलिस टीम ने आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी भी लेकिन आरोपी ने फायरिंग जारी रखी। टीम ने चेतावनी के साथ हवाई फायर भी किए लेकिन वह न माना और फायर करता रहा।
बदमाश की एक गोली एएसआई तरसेम सिंह और एचसी देवेंद्र की बुलेट प्रूफ जैकेट पर दो गोलियां लगीं। इस बीच पुलिस टीम ने आत्मरक्षा व आरोपी को काबू करने के लिए फायर किया गया। पुलिस की गोली लगने से युवक नीचे गिर गया और वह कराहने लगा। तब पुलिस टीम ने मौके पर नीचे गिरे युवक को पिस्तौल सहित काबू कर लिया गया। घायल अवस्था में काबू बदमाश ने अपना नाम पता गांव छुड़ानी जिला झज्जर निवासी अनूप उर्फ आशीष उर्फ फैजल बताया।
मौके पर पड़े आरोपी के पिट्ठू बैग से दो जोड़ी कपड़े, एक कट्टा, पांच जिंदा रौंद और कुछ अन्य सामान बरामद हुए । घायल आरोपी को बारीकी से चेक पर उसके बाई टांग, पेट व छाती में एक-एक गोली लगनी पाई गई। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल राजौंद ले जाया गया, जहां से उसको सरकारी अस्पताल कैथल का रेफर किया गया। वहां पर इलाज के दौरान आरोपी अनूप की मौत हो गई ।