पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कर्मचारी - विज्ञप्ति
कैथल। पुरानी पेंशन की बहाली की मांग के लिए कर्मचारियों ने कैथल शहर में साइकिल यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत कर्मचारियों ने शहीद स्मारक से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करके की। उसके बाद यात्रा हिंद सिनेमा, माता गेट, डोगरा गेट और चंदना गेट से होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुंची और वहां से जिला सचिवालय पर जाकर संपन्न हुई।
कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की बहाली की मांग का पत्र एसडीएम संजय कुमार को सौंपा। समिति के राज्य प्रधान विजेंद्र धारीवाल ने कहा कि कर्मचारियों को एनपीएस और यूपीएस मंजूर नहीं है और वे पुरानी पेंशन की बहाली करवाकर ही दम लेंगे।
उन्होंने कहा कि कई जिलों से पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने यात्रा में भाग लेकर सरकार को चेताने का काम किया है। सरकार अब भी अगर पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए गंभीर नहीं होती तो फिर प्रदेशभर में अपने हकों के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर राज्य सचिव ऋषि नैन, अनूप लाठर, जींद जिला के प्रधान जोगिंदर लोहान, करनाल जिला प्रधान संदीप टर्न, कुरुक्षेत्र जिला प्रधान ज्ञान सिंह, राजीव मलिक, रमेश चहल, सतबीर कौशिक व विजेंद्र मोर मौजूद रहे।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कर्मचारी - विज्ञप्ति