संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, चीका की मासिक बैठक अग्रवाल धर्मशाला के सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कैशियर रामकुमार गोयल ने की। इसमें बुजुर्गों के अधिकारों और समाज में सम्मान की जरूरत पर जोर दिया गया।
बैठक में “बुढ़ापा कुशलपूर्वक कैसे बिताया जाए” विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में रामकुमार गोयल ने क्षेत्र में सदस्यता अभियान चलाने का सुझाव दिया, जिस पर सभी उपस्थित सदस्यों ने सहमति व्यक्त की। अध्यक्ष की अनुमति से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
रामकुमार गोयल ने कहा कि सरकार और प्रशासन को सरकारी कार्यालयों में बुजुर्गों के काम प्राथमिकता के आधार पर करने चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि लापरवाह शासन व्यवस्था के चलते शहर और गांवों में मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन बढ़ रहा है। युवा पीढ़ी नशे की लत में धुत होकर अपने भविष्य को खतरे में डाल रही है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन की आवश्यकता हर समाज को है। इस संगठन के माध्यम से लोगों को यह संदेश देना है कि वरिष्ठ नागरिक का सम्मान होना चाहिए और उनके अधिकारों की रक्षा हो। इस अवसर पर सह सचिव विमल गर्ग, कश्मीरी लाल गर्ग, रोशन लाल गर्ग, कृष्ण कामरेड, जेठू राम, धनीराम गर्ग, सुभाष जखोली, कृष्ण सिंगला, प्रेम वाधवा, नाथी राम, अशोक कुमार और मांगेराम उपस्थित रहे।