संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। सरकारी स्कूलों में बच्चों की कक्षा के अनुसार दक्षता सुधारने के लिए चलाए जा रहे निपुण हरियाणा मिशन के तहत उपायुक्त अपराजिता ने मंगलवार को मॉडल संस्कृति स्कूल, पूंडरी में जिला स्तरीय संचालन समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत बच्चों की दक्षता सुधारने के लिए गंभीर और नियमित प्रयास किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय संचालन समिति के सभी विभागीय अधिकारी सदस्य निर्धारित समय पर स्कूलों का दौरा करें, बच्चों से संवाद करें और निपुण अभियान के तहत किए गए कार्यों की जमीनी हकीकत की जांच कर रिपोर्ट तैयार करें।
बैठक में डीएमसी कपिल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष और अन्य संचालन समिति सदस्य उपस्थित रहे। निपुण अभियान में कार्यरत नरेश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से जिले में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पिछली बैठक के बाद की प्रगति रिपोर्ट साझा की और बताया कि प्राइमरी विद्यालयों के बच्चों की दक्षता में सुधार हुआ है, साथ ही जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, उसकी जानकारी भी साझा की गई।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ छत्रपाल ने अंतरराष्ट्रीय मैथ ओलंपियाड को लेकर पीपीटी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि जिले में विशेषज्ञों द्वारा इस प्रतियोगिता के लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है और इस पर एक पुस्तक भी तैयार की जा रही है, जो पहली बार जिले में होगी। इसके कारण बच्चों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह और रुचि बढ़ी है।
पूर्व में कैथल के एडीसी दीपक बाबू लाल करवा के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान में बच्चे सक्रिय रूप से जुड़े हैं और पिछली बार बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय मैथ ओलंपियाड में भाग लिया। छत्रपाल ने उपायुक्त से बच्चों की तैयारी के लिए शनिवार से प्रशिक्षण शुरू कराने, पुस्तक बैंक और अन्य संसाधनों की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। इसके साथ ही उपायुक्त ने स्कूल में निपुण अभियान के तहत अध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर का भी निरीक्षण किया।