संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महिलाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार की ओर से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई है। जिले में लगभग 84 हजार महिलाएं इस योजना की संभावित पात्र हैं। इनमें से करीब 30 हजार महिलाओं ने एप के माध्यम से आवेदन कर दिया है। जिला प्रशासन का जोर योजना के पंजीकरण पर है।
डीसी प्रीति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र महिला को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। जिन महिलाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन करवाने के लिए तुरंत संपर्क किया जाए। इसके लिए गांवों में कैंप लगाकर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। डीसी प्रीति शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रही थीं।
इससे पहले चंडीगढ़ से मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों से आवेदन प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और
आवेदनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपायुक्तों और अतिरिक्त उपायुक्तों से मोबाइल एप से संबंधित सुझाव भी लिए।
डीसी प्रीति ने कहा कि अगले 4-5 दिनों में सभी अधिकारी पंजीकरण बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करें। गांवों में अतिरिक्त स्टाफ भेजकर महिलाओं का पंजीकरण और सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। योजना के तहत लाभार्थियों की आय एक लाख रुपये से कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाएं आवश्यक कागजात पूरे कर जल्दी आवेदन करें।
आवश्यक दस्तावेज और पात्रता
n
प्रत्येक पात्र महिला का चालू बैंक खाता होना चाहिए।
n
आयु सीमा: 23 से 60 वर्ष।
n
परिवार की सत्यापित वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
n
महिला यदि किसी अन्य राज्य से हरियाणा में विवाहित है, तो उसका पति हरियाणा का निवासी होना चाहिए और महिला पिछले 15 वर्ष या उससे अधिक समय से हरियाणा में रह रही हो।
n लाभ: एक नवंबर से महिलाओं के बैंक खाते में मासिक 2,100 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से जमा किए जाएंगे।