संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अटेला गांव में शुक्रवार देर शाम प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त प्रीति ने गांव के विकास में ग्रामीणों से साझेदारी का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और उनके समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर लोगों ने नशा न करने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में डीसी प्रीति, एसपी उपासना, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम अजय सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डिप्टी सीईओ सुमित चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
गांव पहुंचने पर सीवन सरपंच एसोसिएशन और अटेला गांव के सरपंच प्रवीन द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। डीसी प्रीति ने कहा कि कुछ समस्याएं ऐसी होती हैं, जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे एकजुट होकर गांव के विकास में भागीदारी निभाएं। डीसी प्रीति ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में फैली बुराइयों के उन्मूलन के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए और ग्राम सभाओं में इन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, ताकि सामूहिक चेतना विकसित हो सके। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों के पालन का भी आह्वान किया ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।
एसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करें, और नशे से जुड़ी जानकारी 9053052104 पर साझा करें। डीसी प्रीति ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यावहारिक समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए।
प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तमन्ना, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली आरूषी, आठवीं कक्षा में स्कूल टॉपर रमन, तथा बुनियाद में दाखिला लेकर गांव का नाम रोशन करने वाले परमवीर को डीसी प्रीति और एसपी उपासना द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, समाज कल्याण, बिजली, महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य आदि ने अपने-अपने जागरूकता स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी।
नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें : एसपी उपासना
एसपी उपासना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर नशा मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अटेला गांव को पुलिस विभाग द्वारा नशा मुक्त घोषित किया गया है, और इसे बनाए रखना ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे आसपास के गांवों को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों और अपराधों से बचाव के उपायों पर भी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने रखीं ये प्रमुख मांगें
n
लाडो लक्ष्मी योजना में पंजीकरण
n
कश्यप चौपाल निर्माण
n
स्कूल के सामने सड़क मरम्मत
n
पेयजल व निकासी व्यवस्था
n
ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग
n अटेला–बाबा लदाना सड़क निर्माण
n
कैथल-खरकां रूट पर बस सेवा बढ़ाने की मांग
होनहार बच्चों को सम्मानित करती डीसी प्रीति।