संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डीआईजी वीरेंद्र विज की अध्यक्षता में हुई विस्तृत क्राइम बैठक में डीआईजी ने अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, विशेष टीमें तैनात करने और अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा। साथ ही जांच कार्य की समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया।
इसके अलावा ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए गए, जहां विशेष प्रकार के अपराध अधिक हो रहे हैं, ताकि वहां रणनीति बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पीओ और बेल जंपर मामलों में पीछा करो अभियान के तहत आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना, चौकी और अन्य क्राइम यूनिट में रात्रि में कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
नशा मुक्त अभियान पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गांव और कॉलोनी स्तर तक लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थानों) की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने गठित टीमों के प्रदर्शन में सुधार लाने पर जोर दिया, ताकि लापता लोगों को जल्द ढूंढकर उनके परिजनों को राहत दी जा सके। एसपी उपासना, डीएसपी कुलदीप बेनीवाल, डीएसपी बीर भान, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश सहित आदि अधिकारी उपस्थित रहे।