संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में प्राचार्य डाॅ. ऋषिपाल की अध्यक्षता में वाणिज्य विभाग, इतिहास विभाग,आचार संहिता समिति एवं छात्र कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें व्यक्तिगत विकास देने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नैतिक मूल्यों और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देकर समाज में परिवर्तन लाना है। मुख्य वक्ता के तौर पर डॉ. मेजर सिंह खेहरा ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारा समाज तेजी से बदल रहा है, और इस बदलाव को सकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए हमें नैतिक मूल्यों और व्यक्तिगत विकास पर ध्यान देना होगा।
उन्होंने कहाकि समाज में परिवर्तन लाने के लिए हमें पांच प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा शिक्षा में सुधार, नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना, व्यक्तिगत विकास को प्राथमिकता देना,समाज में सहयोग और सामाजिक समर्थन तथा प्रौद्योगिकी का सकारात्मक उपयोग।
इन पांच केंद्र पर हमें ध्यान देना होगा ताकि हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने कहा कि हमें अपने नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना होगा। व्यक्तिगत विकास पर ध्यान देकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्ययोजना बनानी होगी।
डा. मेजर ने कहा कि समाज में सहयोग और सामाजिक समर्थन को बढ़ावा देना भी आवश्यक है ताकि हम एक दूसरे की मदद कर सकें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और परिवार के महत्व को समझना और उनकी रक्षा करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। परिवार के महत्व को समझते हुए हमें अपने परिवार को मजबूत बनाने और उनके साथ समय बिताने के लिए काम करना होगा। हम इन पांच परिवर्तनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं और एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं।