संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। राजकीय महाविद्यालय राजौंद में रेड रिबन क्लब के तहत एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया। इसमें बच्चों को सीख दी गई कि जीवन में मानसिक रूप से मजबूत बनना चाहिए। जीवन को बिना डरे जीना चाहिए और व्यर्थ के विचारों को हावी न होने दें।
सरकारी अस्पताल राजौंद से डाॅ. रूहानी ठाकुर आईसीटी काउंसलर, मनिता लैब टेक्नीशियन, राजकमल, मेंटल हेल्थ एचआईवी एड्स और आत्महत्या जागरूकता आदि ने शिरकत की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. रोहणी ठाकुर ने विद्यार्थियों को आत्महत्या से बचाव पर बताया कि हमें अपने जीवन में मानसिक रूप से मजबूत होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अवसाद से आत्महत्या की समस्या सबसे अधिक किशोरावस्था में ही देखने को मिलती है। इसीलिए इस मंच पर विद्यार्थियों को मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत होना चाहिए इसके साथ ही जितेंद्र ने भी विद्यार्थियों को डेंगू के प्रकोप से बचने के उपाय बताएं।
रविंद्र कुमार ने मंच संचालन ने किया। प्राचार्य राममेहर ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। रेड रिबन क्लब के इंचार्ज विक्रम इतिहास ने कार्यक्रम को सुनियोजित तरीके से संपन्न करवाया। दीपक ने कार्यक्रम की फोटोग्राफी की। कार्यक्रम में डॉ. दीपक, सुदेश, नरेंद्र, हरपाल, प्रवीन व राजरानी मौजूद रहे।
उधर, गांव माजरा रोहेड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण माह मनाया गया। पोषण माह में सुपरवाइजर सावित्री देवी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भरी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं व दूध पिलाने वाली माताओं को संदेश दिया कि अपने खान पान व स्वास्थ्य का ध्यान रखें। बताया कि अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों-फलों व दाल को ज्यादा मात्रा में शामिल करें।
इसके अलावा छह माह से ऊपर के बच्चों को दूध के साथ साथ ऊपरी आहार भी देना शुरु कर देना चाहिए। कहा कि बच्चों का ध्यान रखकर उनको कुपोषण से बचाया जा सकता है। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी ने स्वास्थ्य के बारे में कई प्रकार की जानकारी साझा की। इस दौरान कार्यक्रम में डॉ. कमलेश देवी व रामनिवास व आशा कार्यकर्ता संतोष के साथ प्राथमिक शिक्षिका अंग्रेज देवी मौजूद रहीं।