फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: सड़क के बीच खड़ा बिजली पोल बना खतरा, लोग परेशान

विज्ञापन
सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का पोल और अधूरी पड़ी सड़क का हिस्सा
विज्ञापन
कैथल। जिले के गांव कैलरम में बालू और सारण को जोड़ने वाले मार्ग पर दो विभागों की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का पोल और उसके आसपास करीब 20 से 30 मीटर तक अधूरी पड़ी सड़क लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ हादसों का कारण भी बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है लेकिन संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
विज्ञापन


ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या सर्दियों के मौसम में और भी गंभीर हो जाती है। घने कोहरे के दौरान सड़क के बीच खड़ा पोल साफ दिखाई नहीं देता जिससे हादसे की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। हालांकि अब गर्मियों में भी यह पोल लोगों के लिए जोखिम बना हुआ है। खासकर इस मार्ग से पहली बार गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को पोल हटाने के लिए शिकायत दी गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने भी पोल नहीं हटने के कारण सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ रखा है। इससे मार्ग संकरा हो गया है और वाहनों के आवागमन में परेशानी आ रही है।
विज्ञापन


यह बोले ग्रामीण
ग्रामीण राहुल ने बताया कि इसी रास्ते से किसानों को रोजाना अपने खेतों तक आना-जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क के बीचोंबीच खड़ा पोल हादसे को न्योता दे रहा है। रात के समय या कोहरे में यह और खतरनाक हो जाता है। कई बार वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाकर बचते हैं।


ग्रामीण संदीप ने कहा कि प्रशासन को इस समस्या की जानकारी कई बार दी जा चुकी है लेकिन विभाग केवल आश्वासन देकर मामला टाल देते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं लेकिन परेशानी आम लोगों को झेलनी पड़ रही है।

वहीं किसान सुरेंद्र ने बताया कि खेतों में जाने के लिए उन्हें इसी मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। बड़े कृषि यंत्र और ट्रैक्टर निकालने में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि यदि सामने से दूसरा वाहन आ जाए तो स्थिति और मुश्किल हो जाती है।

कमलेश ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी यह मार्ग सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से मांग है कि बिजली विभाग जल्द पोल को दूसरी जगह शिफ्ट करे और पीडब्ल्यूडी अधूरी सड़क का निर्माण कार्य पूरा करें।
बिजली निगम के एसई सोमबीर ने बताया कि जल्द खंभे को हटाया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का पोल और अधूरी पड़ी सड़क का हिस्सा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें