संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बिजली निगम में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों मांगों व समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया व एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। संगठन सचिव सतलाल ने कहा कि प्रदेश के चारों बिजली निगमों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों की कुछ अति ज्वलंत समस्याओं का तुरंत प्रभाव से समाधान करने की आवश्यकता है।
इसलिए यूनियन के आह्वान पर सब यूनिट कलायत कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए रोष व्यक्त किया और मांगों का ज्ञापन दिया। मांगों के बारे में उन्होंने बताया की चिरायु कार्ड बनाने के नाम पर नवंबर 2023 व जनवरी 2024 में कच्चे कर्मचारियों के वेतन से 1500 रुपये काट लिए गए पर कार्ड नहीं बनाए गए हैं।
इसके कारण कर्मचारियों को अपने आश्रितों का इलाज करवाने का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों के चिरायु कार्ड तुरंत बनाए जाएं और कार्ड बनने तक सभी निगम इलाज का खर्च स्वयं वहन करें। लगातार बढ़ रही महंगाई को ध्यान ने रखते हुए पिछले चार सालों से रुकी वेतन बढ़ोतरी कम से कम 20 प्रतिशत प्रति वर्ष के हिसाब से दी जाए।
रिटायर होने पर सेवा पुरस्कार के रूप में आर्थिक लाभ दिया जाए। पीएफ खाते का ठीक रखरखाव किया जाए। मुद्दों की गंभीरता को समझते हुए इनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।