संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांवों को 24 घंटे बिजली देने के प्रदेश सरकार के दावे रोहेड़िया गांव में दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से रात के समय नियमित रूप से बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना रात एक बजे से सुबह चार बजे तक बिजली गायब हो जाती है। ऐसे में जब तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच रहा है, तो नींद छिन जाना किसी सजा से कम नहीं है। गांव में हर घर में मीटर लगा है और सभी लोग समय पर बिजली बिल भी भरते हैं, फिर भी रोजाना कटौती की कोई ठोस वजह नहीं बताई जा रही।
अधिकारियों पर लगाए आरोप ः ग्रामीण मनोज कुमार, तेजपाल, सतबीर सिंह, विजय कुमार, चंद्रभान, सोहन कुमार, मोहित कुमार, धर्मवीर सिंह, मुकेश कुमार और संजीव कुमार ने सवाल उठाया कि न तो ट्रांसफार्मर खराब है, न पोल टूटे हैं और न ही कोई ही बड़ा फॉल्ट है। फिर हर रात एक ही समय पर बिजली क्यों जाती है?
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कहीं यह बिजली किसी फैक्ट्री, मिल को तो नहीं बेची जा रही? उन्होंने मांग की कि बिजली विभाग इस मामले में पारदर्शी जांच करवा कर सच्चाई सामने लाए।
गर्मी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली का लोड बढ़ गया है, जिससे कटौती करनी पड़ती है।
-सोमबीर भालोठिया, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम