कैथल। सीएम के गोद लिए गांव क्योड़क में चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे एसडीओ नरेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने घायल एसडीओ की शिकायत पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है।
शनिवार को एसडीओ की टीम में जेई गांधी लहगा, लाइनमैन दलशेर, गुलशन, विनोद, राजेंद्र, पुलिस विभाग से संदीप, कर्मबीर, अमित व ईश्वर चोरी पकड़ो अभियान के तहत मीटरों की जांच करने के लिए गए थे। जेई गांधी लहंगा ने बताया कि बिजली निगम की टीम शनिवार शाम को क्योड़क गांव में नियमित कार्रवाई के तहत बिजली की बकाया राशि वसूलने और बिजली चोरी पकड़ने पहुंची थी। टीम जब राजपाल तंवर के घर के सामने जांच कर रही थी तो अफसर पंच उर्फ अफरी, राजपाल और संजीव ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें देखकर अन्य लोगों ने भी टीम सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। टीम के सदस्यों ने खेतों के रास्तों से भागकर जान बचाई। इस दौरान एसडीओ नरेंद्र कुमार के हाथ पर चोट आई। मारपीट के समय उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि बिजली निगम की टीम पर किए गए हमले के मामले में पांच आरोपियों सहित अन्य लोगों पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।