शहर में बिजली की नई तारों को डालती निगम की टीम।
सोनू थुआ कैथल। जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत में लगातार बढ़ती जा रही है। रोजाना का खर्च 34 लाख यूनिट तक पहुंच गया है। इसके साथ ही अघोषित कटौती, ट्रिपिंग और बार-बार फॉल्ट की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार एक सप्ताह पहले तक जहां रोजाना करीब 27 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही थी। गर्मी बढ़ने के साथ कूलर, एसी और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ा है, जिससे बिजली की मांग में अचानक उछाल आया है।
बिजली गुल होने की शिकायतों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 80 शिकायतें दर्ज होती थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 115 तक पहुंच गई है। ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड के कारण बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं और कई जगहों पर ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों को गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात को बिजली गुल होने से मच्छर काटकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। जिले में कुल तीन लाख 74 हजार उपभोक्ता हैं, जिन्हें बिजली निगम की ओर से आपूर्ति की जाती है। गुहला, सीवन, कलायत, राजौंद, ढांड, पूंडरी और कैथल ब्लॉक के करीब 293 गांव इस व्यवस्था से जुड़े हैं। निगम की ओर से 284 गांवों में 24 घंटे बिजली देने की योजना बनाई गई है, लेकिन मौजूदा हालात में यह लक्ष्य पूरा करना चुनौती बना हुआ है। संवाद