संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में दो दिनों से मौसम में बदलाव के कारण गर्मी से कुछ राहत मिली है। इसके चलते पिछले दो दिनों से बिजली की खपत में गिरावट आई है। पहले यह 70 लाख यूनिट प्रति दिन थी, जो अब घटकर 55 लाख यूनिट पर आ गई है।
इस कमी के कारण बिजली कटौती की समस्या में भी लोगों को थोड़ी राहत मिली है। जिले में 12 जून को बिजली की खपत रिकॉर्ड 74 लाख यूनिट दर्ज की गई थी।
इस समय जिले में खरीफ की फसलों की बुआई का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही धान की सीधी बुआई भी शुरू हो चुकी है, जिससे किसान खेतों की सिंचाई में लगे हैं।
जून में बिजली की खपत बढ़ने के कारण शहर में फ्यूज उड़ने, मीटर व जंफर जलने की शिकायतें बढ़ गई थीं। बिजली कंट्रोल रूम में एक दिन में औसतन करीब 500 शिकायतें दर्ज हो रही थीं।
हालांकि, बादलवाही के कारण जिले का तापमान अभी 40 डिग्री से नीचे है, लेकिन जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, बिजली की खपत भी बढ़ने की संभावना है।
बिजली निगम के एक्सईएन मुनीष कुमार ने बताया कि जिले में औद्योगिक इकाइयों की संख्या कम होने और गर्मी के दौरान कई इकाइयों के काम बंद रहने के कारण बिजली की खपत में कुछ कमी आई है।