कलायत। भाजपा द्वारा विर्क पैलेस में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने कहा यह चुनाव कमलेश ढांडा का नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी, नायब सैनी व नवीन जिंदल का है। पार्टी ने बहुत सोच समझ कर कमलेश ढांडा को टिकट दिया है।
जिंदल ने कहा कि यदि यह चुनाव कमलेश जीतती हैं तो उनकी ताकत बढ़ेगी और वे इस चुनाव में अपना पूरा समय देंगे। कलायत विधानसभा से उनकी हुई हार को लेकर उनका दर्द भी छलका। उन्होंने कहा कि अब कमलेश ढांडा के मामले में गलती मत कर देना। उन्होंने कहा कि कलायत विधानसभा के मतदाता जो भी करते हैं दिल से करते हैं। उनके चुनाव की पहली जनसभा में एक बुजुर्ग ने 50 का नोट देते हुए आशीर्वाद दिया था जो उनको सदैव याद रहेगा।
जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हुआ है। मोदी सरकार ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया। वहीं हरियाणा में भाजपा की सरकार ने 10 वर्षों में हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के काम और कार्यकर्ताओं की मेहनत से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बननी तय है। कमलेश ढांडा ने कहा कि उन्होंने पूरी लगन से अपने विधानसभा में समान विकास करवाया है। कुछ कार्य जो तकनीकी कारणों के चलते पूरा नहीं हो सके उन्हें अगले कार्यकाल में प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर कमलेश ढांडा ने कहा कि जिस तरह से पिछले चुनाव में आप लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया इस बार उससे भी अधिक संख्या में अपने आशीर्वाद से नवाजें। दावा करते हुए कहा कि इस बार भी प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। संवाद