संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/नागल/सहारनपुर। हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस लाखनौर में डिवाइडर से टकरा गई। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्रद्धालु हरियाणा में कैथल, पानीपत और करनाल के रहने वाले हैं। घायलों में पूंडरी के आठ लोग हैं।
कैथल जिले के गांव फतेहपुर निवासी विक्रम सिंह अपनी मिनी टूरिस्ट बस से श्रद्धालुओं को लेकर हरिद्वार गए थे। गांव में धार्मिक आयोजन संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने हरिद्वार में गंगा स्नान का कार्यक्रम बनाया था। सभी श्रद्धालु स्नान करने के बाद बृहस्पतिवार सुबह लौट रहे थे। इसी दौरान जिले में पंचकुला-देहरादून नेशनल हाईवे पर लाखनौर टोल प्लाजा के पास बस डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। यात्रियों
में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस को फोन कर बुलाया गया। इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस चालक कुलदीप का कहना है कि बस में कुल 26 श्रद्धालु सवार थे। अन्य वाहन को बचाने के लिए बस सामने आए डिवाइडर पर चढ़ गई।
ये हुए घायल ः धीरमति (60), जयपाल (60), संतरो (60), केला (60), आयुषी (15) निवासी पुंडरी, कोमल (21), बचनराम (57), कुसुम (28) निवासी फतेहपुर पुंडरी जिला कैथल, सुनीला (58) निवासी कूडा जिला करनाल, निर्मला (60) और सुखवीर (59) निवासी संभालका जिला पानीपत है।