सोनू थुआ कैथल। जिलेभर के अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली कट और कम वोल्टेज की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिजली निगम की ओर से जून के महीने से पहले पूंडरी क्षेत्र में 60 नई लाइनों पर तार खींची जाएगी। इससे गर्मी के सीजन में लाइनों पर लोड कम हो जाएगा। इससे लगने वाले कटों से निजात मिलेगी। शार्ट-सर्किंट की समस्या से छुटकारा भी मिलेगा।
ओवरलोड आठ 33 केवी के सब स्टेशनों पिहोवा चौक कैथल, नौच, सीवन गेट कैथल, लैंडर कीमा, कुराड़ा, कठवाड़, हरनौला व करोड़ा गांव के सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने की तैयारी है। यहां पर कनेक्शन अधिक होने के कारण काफी समय से स्टेशन ओवर लोड हो रहे थे। करीब 600 पोल बदलने का काम जारी है। जिन किसानों ने खेतों के कनेक्शनों का वीडीएस स्कीम के तहत लोड बढ़वाया है। वहां भी नए साल में 2847 ट्रांसफार्मर खेतों में नए रखे जाएंगे। किसान अपने खेतों में ट्यूबवेल से सिंचाई ठीक कर सकेंगे। धान के सीजन में ट्रांसफार्मर जल जाते थे, जिस कारण धान रोपाई में देरी आती थी। अब यह समस्या नहीं होगी। गौरतलब है कि इससे पहले बिजली निगम ने सर्वें करवाया था। सर्वे के बाद काम शुरू हुआ है। संवाद
एक साल में करीब 74 करोड़ रुपये खर्च किए
पिछली एक साल में बिजली निगम ने 70 से ज्यादा नई लाइनें खींच दी है। 246 ट्रांसफार्मर कैथल शहर में बिजली निगम ने छोटे से बड़े किए हैं। 1804 किलोमीटर जर्जर तार कैथल व गुहला शहर में बदले गए हैं। कैथल शहर की बात करें तो यहां 1500 किलोमीटर तार और गुहला में 304 किलोमीटर तार बदले गए हैं। 15 सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई गई है। 246 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। यहां पर कनेक्शन ज्यादा होने के कारण ओवरलोड की समस्या आ रही थी। अब नए ट्रांसफार्मर लगने के बाद जलने की समस्याएं कम आएगी। 120 एमएम, 95 एमएम के तार लाइनों पर लगाए गए हैं। इस वर्ष करीब 74 करोड़ रुपये बिजली निगम की तरफ से काम पर खर्च किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि काम पूरा के बाद स्पार्किंग व तार जलने के मामलों में कमी आएंगी।
जिले को तीन नए बिजली घर मिलेंगे
कैथल जिले में 2026 में तीन बिजली घर नए मिलेंगे। गांव चौशाला, माजरी व मुन्नारेहड़ी गांव में बिजली घरों के निर्माण का कार्य जारी है। 50 से 80 प्रतिशत तक की इमारतों का काम पूरा हो चुका है। इससे जिले के सैकड़ों गांवों के लोगों को बिजली सुचारू रूप से मिलेगी। कटों की परेशानी नहीं आएगी। जगमग योजना के तहत जिले के चार गांव को जोड़कर बाकी सभी को जोड़ दिया गया है। जहां पर 24 घंटे बिजली जारी है। बचे हुए चार गांव में जल्द जगमग योजना शामिल कर दी जाएगी।
बिजली व्यवस्था अच्छी रखने के लिए पोल, ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं। काफी जगह पर काम पूरा किया जा चुका है। उपभोक्ताओं को बिजली कटों संबंधित दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। पुराने जर्जर तार बदले गए हैं। 33 केवी के सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। बिजली उपभोक्ताओं से अपील है कि बिजली चोरी न करें। जिसकी वजह से सिस्टम ओवरलोड हो जाता है। -सोमबीर भालोठिया, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम
तीन लाख 72 हजार उपभोक्ता शामिल
जिले में तीन लाख 72 हजार उपभोक्ता शामिल है। गुहला, सीवन, कलायत, राजौंद, पूंडरी, ढांड व कैथल ब्लॉक के 293 गांव में बिजली की सप्लाई हो रही है। 293 गांवों में से 284 गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। चार गांव में काम चला हुआ है। वहां भी जल्द काम पूरा होने व लाइन लॉस घटने के बाद 24 घंटे बिजली दी जाएगी। बाकि बचे हुए गांव में भी जल्दी से जल्दी 24 घंटे काम करने का प्रयास किया जा रहा है। उपभोक्ता संजीव ने बताया कि कैथल के करनाल रोड पर काफी पुरानी जर्जर तारों की समस्या को दूर किया गया है। करीब 15 दिन पहले करनाल रोड पर एक निजी बैंक में शॉर्ट सर्किंट से आग लग गई थी। लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। अब ऐसे हादसों पर अंकुश लगेगा।